Wednesday, January 1, 2014

Krantikari - Manifesto of H.R.A. (In Hindi)

हिन्दुस्तान रिपब्लिकन ऐसोसिएशन द्वारा १ जनवरी १९२५ को मूलत: अंग्रेजी में प्रकाशित यह घोषणा-पत्र अंग्रेजी विकिसोर्स में भी उपलब्ध है। मैंने इसका हिन्दी काव्यानुवाद २००६ में स्वयं किया था अपनी पुस्तक स्वाधीनता संग्राम के क्रान्तिकारी साहित्य का इतिहास से लेकर यहाँ पर पोस्ट किया है।
 

 
क्रान्तिकारी

                      ( भारत की क्रान्तिकारी पार्टी (एच० आर० ए०) का घोषणा-पत्र )


नया सितारा उगता है तो उथलपुथल मचती है,
बिना प्रसवपीड़ा के जननी कब शिशु को जनती है;

भारत में भी नयी व्यवस्था को पैदा होना है,

इसीलिये तो असामान्य सी स्थिति यह दिखती है!

 
जब सारे अनुमान आकलन असफल हो जायेंगे,
बुद्धिमान बलवान सरल निर्बल से घबरायेंगे;
मानवता का दुःख हरने को नये राष्ट्र उभरेंगे,
बड़े-बड़े साम्राज्य सभी मिट्टी में मिल जायेंगे!!
 
इस ताकत ने दुनिया को अन्दर से हिला दिया है।
नयी भावना ने सचमुच कैसा गुल खिला दिया है!
हिन्दुस्तानी युवा-रक्त में फिर उबाल आया है,
देशभक्ति के जज़्बे ने अपना रँग दिखा दिया है।
 
अब तक हमको बड़े-बड़ों ने हुल्लड़बाज कहा है,
उनकी घृणा-उपेक्षा को हमने हर बार सहा है।
लेकिन अब हम खुलेआम कुछ करने को निकले हैं,
तभी क्रान्तिकारी दल यह अखबार निकाल रहा है।
 
यह आन्दोलन कमजोरों को शक्ति प्रदान करेगा।
स्वस्थ और बलवानों में प्रेरक-अनुभाव भरेगा।
पढ़े-लिखे और बुद्धिमान सारे चकरा जायेंगे,
जो इसका उपहास करेगा, वह बेमौत मरेगा।
 
अत्याचार दमन कितना हो, देखें क्या कर लेगा?
क्या बसन्त ऋतु के आने को पतझड़ रोक सकेगा?
जिस उद्देश्य-प्राप्ति हित इसका आविर्भाव हुआ है,
उसे बिना पाये अब यह आन्दोलन नहीं रुकेगा।
 
क्रूर हमारा दमन करेंगे, धोखेबाज हँसेंगे।
कुछ इसकी भर्त्सना करेंगे, बाकी व्यंग्य कसेंगे ।
क्या तलवारों से विचार को कोई काट सका है,
ये जालिम सय्याद जाल में अपने आप फँसेंगे
 
यह आन्दोलन महा-क्रान्तिकारी संग्राम रचेगा।
जिसकी भीषणता से भारत में कोहराम मचेगा।
इसका तिरस्कार करने वाले यह खूब समझ लें,
जो ऐसा सोचेगा वह फिर जिन्दा नहीं बचेगा।
 
विगत बीस बरसों में इसको खत्म नहीं कर पाये।
बड़े-बड़े नेताओं ने भ्रम-जाल बहुत फैलाये।
लेकिन नौजवान उनके मनसूबे समझ चुके थे,
इसीलिये वे उन्हें छोड़कर साथ हमारे आये।
 
इसका ही भविष्य है, इसको कोई नहीं नकारे।
कहो विश्व से वह भी इस सच्चाई को स्वीकारे।
किसी विदेशी शासक के अनुचित दबाव में आकर,
अब कोई भी देश उपेक्षा से मत इसे निहारे।
 
विदेशियों को हम पर शासन का अधिकार नहीं है।
उनसे कहो कि जायें, हमको उनसे प्यार नहीं है।
दमन और उत्पीड़न में जो हिंसा वे करते हैं,
उनसे पूछो-‘क्या इसका कोई प्रतिकार नहीं है?’
 
इस अन्यायी शासन को जड़ सहित मिटाना होगा।
चप्पे-चप्पे से खदेड़कर उन्हें हटाना होगा।
तलवारों के बल पर अब तक हम पर राज किया है,
उसी धार का लोहा अब उनसे मनवाना होगा।
 
क्रान्तिकारियों के दल का यह अन्तिम लक्ष्य रहा है।
बिल्कुल नहीं सहेंगे, जो अब तक अन्याय सहा है।
अंग्रेजों के आकाओं को साफ-साफ समझा दो,
कान खोलकर सुन लें जो हमने इस बार कहा है।
 
शस्त्र-क्रान्ति के द्वारा हमको प्रजातन्त्र लाना है।
भारत को गणतन्त्र राज्य का जामा पहनाना है।
जनता द्वारा चुनकर जब हम संसद में जायेंगे,
इसका अन्तिम संविधान तब हमको बतलाना है।
 
प्रजातन्त्र में मत देने का सबको मौका होगा।
कोई शोषण नहीं, किसी के साथ न धोखा होगा।
यातायात, जहाज, रेल, संचार, लौह-उत्पादन
सहित सभी उद्योगों पर सरकारी .कब्जा होगा
 
इस पद्धति में जनता को सारा अधिकार मिलेगा।
चुना हुआ प्रतिनिधि उसकी इच्छा अनुसार चलेगा।
यदि जनता को लगे कि प्रतिनिधि काम नहीं करता है
तो फिर उसे बदल देने का अवसर उसे मिलेगा।
 
यह  राष्ट्रीय  नहीं,  अन्तर्राष्ट्रीय-पार्टी  होगी।
सभी राष्ट्रों से इसको मित्रता निभानी होगी।
विश्व-शान्ति के लिये सभी देशों को अपनी-अपनी,
होड़ छोड़कर, पारस्परिक-सन्धि अपनानी होगी।
 
मानवता के हित की जो ये बातें हम करते हैं।
सिर्फ ढिंढोरा नहीं, न इसकी डींग कभी भरते हैं।
कोई तो कुछ करे, इसी से हम आगे आये हैं
कायर औ’ कमजोर करें क्या, वे इससे डरते हैं।
 
सम्प्रदाय का प्रश्न हमें मिल-जुलकर हल करना है।
एक-दूसरे के मन में अब घृणा नहीं भरना है।
किसी वर्ग को कभी विशेष अधिकार नहीं हम देंगे,
जिससे द्वेष फैलता हो वह जहर हमें हरना है।
 
असंगठित व्यवसाय अकेले करना बेमानी है।
मिलकर काम करो तो उन्नति निश्चित ही आनी है।
इसीलिये हम भारत में ‘सहकारी युग’ लायेंगे,
क्योंकि हमें आर्थिक प्रगति भी करके दिखलानी है।
 
आध्यात्मिक क्षेत्र में हमको ऐसा कुछ करना है।
जिससे आत्मा की उन्नति हो वही भाव भरना है।
माया या भ्रम नहीं, सत्य पर यह जग आधारित है,
जीवन में प्रकाश भर के अब अन्धकार हरना है।
 
ब्रह्म सभी में है यह सारे जग को समझाना है।
यही बिन्दु है जिस पर सारे जीवों को आना है।
दुनिया भर के प्राणी जिस चक्कर में पड़े हुए हैं,
उनको उस भ्रम से निकालकर सत्पथ पर लाना है।
 
दल की नीति-कार्यक्रम, सब कुछ पहले से ही तय है।
लेकिन उसे प्रकट करने के पीछे अभी समय है।
हाँ, यदि यह सरकार कभी चाहेगी तो देखेंगे,
अभी हमारा इसे गुप्त रखने का दृढ़ निश्चय है।
 
अन्य पार्टियों के प्रति इसका यही स्वभाव रहेगा।
जैसा जहाँ उचित होगा वैसा ही भाव रहेगा।
असहयोग-सहयोग, असहमति-सहमति में कोई-सा,
कांग्रेस की नीति देखकर ही वर्ताव रहेगा।
 
लेकिन जो कुछ वर्तमान में कांग्रेस करती है।
यह पार्टी हमारी उसका बहिष्कार करती है।
संवैधानिक ढँग से जो आन्दोलन चला रहे हैं,
उन समस्त नेताओं का यह तिरस्कार करती है।
 
शान्तिपूर्ण कानूनी ढँग से क्या कुछ हासिल होगा?
धोखा भले स्वयं को दे लो, प्रश्न नहीं हल होगा।
जो दुर्दशा देश की इन दुष्टों ने कर रखी है,
ऐसे में कानून शब्द मिलना भी मुश्किल होगा।
 
शत्रु हमारी शान्ति भंग करने पर तुला हुआ है।
दंगे कौन कराता है यह पर्दा खुला हुआ है।
हर कीमत पर शान्ति-शान्ति की कसम उठा रक्खी है,
उनसे पूछो-'क्या अंग्रेजों का मुँह धुला हुआ है?’
 
करने को वे आदर्शों का ढोंग खूब करते हैं।
सत्य हमेशा कहने का खोखला दम्भ भरते हैं।
पूर्ण स्वराज्य चाहिये यह सच साफ-साफ कहने में,
पता नहीं क्यों वे इतना अंग्रेजों से डरते हैं?
 
आदर्शों को जीने वाले दुःख ही दुःख सहते हैं।
राष्ट्र तभी बनते हैं जब आदर्श उच्च रहते हैं।
पूर्ण स्वराज्य माँगने से हरदम डरने वाले भी,
जाने कैसे वे अपने को आध्यात्मिक कहते हैं?
 
ऊपर से दिखते हों पर क्या वे सचमुच ऐसे हैं?
जिसे 'महात्मा’कहते हो क्या उसमें गुण वैसे हैं?
समय आ गया है यह सच्चाई सबको बतला दो,
ऊपर से जो दिखते हैं, वे अन्दर से कैसे हैं?
 
हम बतलाते हैं आदर्श हमारा कैसा होगा?
मानवता की सेवा जिससे हो, कुछ वैसा होगा।
वह सेवा भी संघबद्ध होकर हम लोग करेंगे,
लेकिन उसके लिये देश का तन्त्र न ऐसा होगा।
 
जब तक वह परतन्त्र रहेगा धोखा ही खायेगा।
ऐसे में कैसे उसको आदर्श समझ आयेगा।
इसीलिये पहले स्वदेश को मुक्त कराना होगा,
उसके बाद कहीं जाकर वह लक्ष्य समझ पायेगा।
 
शान्तिपूर्ण वैधानिक ढँग से क्या कुछ हासिल होगा?
बच्चा भी यह बात जान लेगा जो काबिल होगा।
जिन कानूनों के बल पर शासन हम पर करते हैं,
क्या अब उन्हें बनाने में भारत भी शामिल होगा?
 
ब्रिटिश इण्डिया के चंगुल से इसे छुड़ाना होगा।
इसको पहले जैसा भारतवर्ष बनाना होगा।
ब्रिटिश नियन्त्रण के रहते यह कभी नहीं सम्भव है,
पहले उसका संविधान-कानून हटाना होगा।
 
भारत के राज्यों को अब संयुक्त किया जायेगा।
उसको अपने संविधान से युक्त किया जायेगा।
हिन्दुस्तानी प्रजातान्त्रिक संघ तभी यह होगा,
ब्रिटिश गुलामी से इसको जब मुक्त किया जायेगा।
 
भारत के नवयुवको! झूठे अविश्वास को छोड़ो।
स्थिति को समझो, संघर्षों से मुँह कभी न मोड़ो।
अब जो कुछ होना है, सो होना है फिर भय कैसा?
क्रान्तिकारियों की पार्टी से खुलकर नाता जोड़ो।
 
शान्ति और सुख की कोई भी कली नहीं खिलनी है।
शान्तिपूर्ण ढँग से भारत को मुक्ति नहीं मिलनी है।
याद करो इन शब्दों को जो लिक्खे राबर्सन ने,
इन शब्दों से ही इस साम्राज्य की जड़ हिलनी है।
 
आन्दोलन के साथ कार्यक्रम जो सुधार के आये।
प्रोटेस्टेण्ट आयरिश नेताओं ने वे दिलवाये।
ब्रिटिश राजनयिकों ने ही यह घातक भेद दिया था,
जिसके कारण वे अंग्रेजों को काबू कर पाये।
 
यह रहस्य जो कुछ उनको उन लोगों ने बतलाये।
वे सारे हथकण्डे ही उन लोगों ने अपनाये।
ताकत के बल पर तुम इनसे कुछ भी ले सकते हो,
इन अंग्रेजों से न बहस में कोई कुछ ले पाये।

हैनोवर के शासन में जब इंग्लिस्तान रहा है।

उस इतिहास-पुस्तिका का यह सूत्र प्रधान रहा है।
यह रहस्य शायद इन नेताओं को ज्ञात नहीं है,
या शायद मूर्खता पूर्ण इनका अभिमान रहा है।
 
भारत के इन बुद्धिमान लोगों का ऐसा मत है।
कभी न शस्त्रों से जीता जा सकता, यह भारत है।
वह इस आशा को रखना मूर्खतापूर्ण कहते हैं,
उनका कहना ऐसा ही, या उससे बड़ा गलत है।
 
जिसे मूर्खता का दर्जा इन सबने दिया हुआ है।
इनसे पूछो उसे हाथ में किसने लिया हुआ है।
इनको पता नहीं दुनिया का एक पाँचवा हिस्सा,
मुट्ठी भर अंग्रेजों ने -कब्जे में किया हुआ है।
 
क्या इस प्रामाणिकता पर कोई कुछ कह सकता है?
बेशक हमें देखने में कल्पनातीत लगता है।
लेकिन यह सच है इस सच्चाई को तो स्वीकारो,
मुट्ठी भर अंग्रेजों की इस भारत पर सत्ता है।
 
किसे अराजकता, किसको आतंकवाद कहते हैं?
थोड़े शब्द इन्हीं दो शब्दों पर अब हम कहते हैं।
जो अनर्थ भारत में इन शब्दों का कर रक्खा है,
जिसके कारण हम आरोपों की वर्षा सहते हैं।
 
क्रान्तिकारियों के विरुद्ध जब कुछ करना होता है।
या फिर उन्हें सीखचों के पीछे धरना होता है।
सबसे सुविधाजनक यही दो शब्द उन्हें लगते हैं,
गिरफ़्तार करने का परवाना भरना होता है।
 
हम न अराजकतावादी हैं, न आतंकवादी हैं।
हम सच्चे अर्थों में पक्के मानवतावादी हैं।
हम अपने उद्देश्य यहाँ पहले ही बता चुके हैं,
जो हमको ऐसा कहते हैं, वे मिथ्यावादी हैं।
 
स्वतन्त्रता की प्राप्ति हेतु आतंकवाद साधन है।
अपना यह विश्वास नहीं है ना अपना यह मन है।
जो आतंकवाद फैलाते हैं वे साफ समझ लें,
जनता को आतंकित करना ही उनका शासन है।
 
जिसके बल पर वह सबको -कब्जे में लिये हुए हैं।
इस भय के कारण ही मुँह उन सबके सिये हुए हैं।
भारतीय जनता को अंग्रेजों से प्यार नहीं है,
प्यार जताने का वह केवल नाटक किये हुए हैं।
 
अंग्रेजों की सिर्फ़ सहायता का जो दम भरती है।
इसका कारण यह है वह उनसे बेहद डरती है।
क्रान्तिकारियों की सहायता तभी न कर पाती है,
वरना ऐसी बात नहीं, वह उन्हें प्यार करती है।
 
सरकारी आतंकवाद का उत्तर भी देना है।
इसीलिये तो हमने भी यह बना रखी सेना है।
इस समाज में जिधर देखिये, बेहद लाचारी है,
इस लाचारी की समाप्ति का निर्णय भी लेना है।
 
हम आतंकवाद से नयी भावना फैलायेंगे।
जनता को इसके बारे में खुलकर बतलायेंगे।
जो अंग्रेजों या उनके गुर्गों ने कर रक्खा है,
अब वे कभी न भूले से भी वैसा कर पायेंगे।
 
जो ऐसा करना चाहेगा रोक दिया जायेगा।
हर सम्भव ढँग से उसका प्रतिरोध किया जायेगा।
इस पर भी जो यह करने से बाज नहीं आया तो,
उसका जीवन, जैसे भी हो, छीन लिया जायेगा।
 
इस आतंकवाद की चर्चा दुनिया में फैलेगी।
इसके जरिये बात हमारी दूर-दूर पहुँचेगी।
जो ब्रिटेन के दुश्मन हैं वे हमसे स्वतः जुडेंगे,
जिसके कारण भारत को आजादी शीघ्र मिलेगी।
 
सरकारी एजेन्ट बड़े पैमाने पर आते हैं।
वही हमारी माँ-बहनों पर हमले करवाते हैं।
किन्तु समय की नाजुकता को हमने भाँप लिया है,
इसीलिये हम उसका बदला अभी न दे पाते हैं।
 
किन्तु पार्टी उचित समय पर अन्तिम चोट करेगी।
लेकिन कभी जरूरत हो तो बिल्कुल नहीं डरेगी।
यदि कोई अंग्रेज कभी भी अग्नि-परीक्षा लेगा,
उसकी खाल खींचकर उसमें भूसा तभी भरेगी।
 
अंग्रेजों की मदद करेंगे या जो जुल्म करेंगे।
उन सबके विरुद्ध आन्दोलन हम प्रारम्भ करेंगे।
चाहें हो वह भारतीय, अथवा हो यूरोपवासी,
छोटा हो या बड़ा, रियायत बिल्कुल नहीं करेंगे।


पार्टी इसके बावजूद यह कभी नहीं भूलेगी।
बिना बात आतंकवाद का पक्ष नहीं वह लेगी।
हाँ, इतना अवश्य है वह अनवरत रूप से अपना
दल स्थापित करने में कछुये की चाल चलेगी।
 
निष्ठावान समर्पित लोगों को संगठित करेगी।
त्यागी निस्वार्थी कार्यकर्त्ताओं को खोजेगी।
सामाजिक के साथ राजनीतिक स्वतन्त्रता पाने
के सारे उपाय सर्वोत्तम ढँग से स्वतः करेगी।
 
सभी स्वयंसेवी पद्धति से अपना कार्य करेंगे।
राष्ट्र-भवन निर्माण हेतु वे ऐसी नींव धरेंगे।
जिसमें आत्मोत्सर्ग स्वयं करने का भाव रहेगा,
बलिवेदी पर पुरुष-स्त्री हँसते हुए मरेंगे।
 
ऐसा करने में वे खुद मरने से नहीं डरेंगे।
अपनी या अपने स्वजनों की चिन्ता नहीं करेंगे।
उनके मन में सदा देश का हित सर्वोपरि होगा,
इसके हित में सदा जियेंगे इसके लिये मरेंगे।

ह० विजयकुमार (बिस्मिल का छद्म नाम)
अध्यक्ष, केन्द्रीय परिषद
भारतीय प्रजातन्त्र संघ (एच० आर० ए०)


 



 

Wednesday, December 25, 2013

A.B.Vaipayee's Meri Ikyavan Kavitayen

                                        मेरी इक्यावन कविताएँ : काव्य-मीमांसा
13 अक्टूबर 1995 को नई दिल्ली के फिक्की सभागार में उपरोक्त कृति का विमोचन तत्कालीन प्रधानमंत्री पी० वी० नरसिंहराव ने किया था। इस कृति की काव्य-मीमांसा मैंने एक समीक्षा गीत के रूप में अपनी ही हस्तलिपि में लिखकर अटलजी को उनके निवास स्थान पर जाकर भेंट की थी। बाद में डॉ० सुनील जोगी ने इसे अपनी पुस्तक राजनीति के शिखर : कवि अटलबिहारी वाजपेयी में प्रकाशित भी किया था। इसमें उक्त कृति की कविताओं के शीर्षकों का प्रयोग करते हुए काव्य-मीमांसा प्रस्तुत की गयी है। समीक्षा गीत काव्यशास्त्र की सर्वाधिक नई विधा है।


काव्यपरक अनुभूति स्वरों में शामिल हैं तेइस कविताएँ,
कविता में संकल्प बोलता - आओ! फिर से दिया जलाएँ।
हरी दूब पर अवसर जैसे हो पहचान निजत्व बोध की,
गीत नहीं गाता हूँ में वैराग्य-भावना स्वत्व-शोध की।

है तटस्थ अभिव्यक्ति व्यक्ति की ना मैं चुप हूँ ना गाता हूँ,
फिर भी कवि प्रयासरत हो कहता है - गीत नया गाता हूँ।
है व्यक्तित्व परक दर्शन की शब्दमयी अभिव्यक्ति ऊँचाई,
कौरव कौन? कौन पाण्डव? है राजनीति की यह सच्चाई।

जब दरार पड़ गयी दूध में फिर अलगाव कहाँ से जाये?
है मन का सन्तोष मनुजता पर ये मन कैसे समझाये?
नाम आपका "अटल" झुक नहीं सकते यह है अटल-प्रतिज्ञा,
दूर कहीं रोता है कोई लिये अकेलेपन की त्रिज्या।

जीवन बीत गया यह कोई चक्र नहीं यूँ ही रुक जाये,
जीवन है संघर्ष तभी ठन गयी मौत से यह बतलाये।
राह कौन सी जाऊँ मैं में यह कैसा भ्रम पाल लिया है?
यह तो एक महानगरी है फिर क्यों सोच-विचार किया है?

हिरोशिमा की पीड़ा में है शिव के महाप्रलय की क्रीड़ा,
नये मील का पत्थर कहता-पुन: उठाओ व्रत का बीड़ा।
न हो निराशा कभी मोड़ पर,मनस्विता की गाँठें खोलें;
नई गाँठ लगती है फिर भी यह चादर कबीर सी धो लें।

चक्रव्यूह में चक्षु न भटकें यक्ष-प्रश्न के समाधान हों,
निर्मलतामय क्षमा-याचना पूर्ण सभी स्वर मूर्तिमान हों।
राष्ट्रीयता के स्वर में हैं दसो दिशाओं की कविताएँ,
स्वतन्त्रता ही की पुकार है भारत माँ की अभिलाषाएँ।

अमर आग है प्रखर तत्व की परिचय में हिन्दू-निष्ठा है,
स्वाभिमान गौरव जतलाने आज सिन्धु में ज्वार उठा है।
जम्मू की पुकार के पीछे कहता काश्मीर - हे ईश्वर!
ना जाने किस रोज बढ़ेंगे? कोटि चरण इस ओर निरन्तर।

मगन गगन में कब लहरेगा भगवा ध्वज? यह पुन: हमारा,
उनको याद करें जिन सरफ़रोश वीरों ने हमें उबारा।
है गणतन्त्र अमर सत्ता के मद में चूर न हम हो जायें,
राष्ट्रीयता के स्वर में सन्देश दे रहीं दस कविताएँ।

देशभक्त जेलों में ठूँसे हुई मातृपूजा प्रतिबन्धित,
कण्ठ-कण्ठ में एक राग है यह स्वर हुआ राष्ट्र में गुंजित।
अटल चुनौती ने ललकारा - आये जिस-जिस में हिम्मत हो,
एक बरस जब बीत गया तो लगा कि जैसे सत्यागत हो।

जब जीवन की साँझ ढली तो लगा कि जैसे डगर कट गयी,
लौटी आश पुन: चमकेगा दिनकर काली-निशा छँट गयी।
कदम मिलाकर चलना होगा पुन: पड़ोसी से कहते हैं,
होते हैं समृद्ध वही जो मिलकर एक साथ रहते हैं।

अटल चुनौती के स्वर हैं ये सब की सभी आठ कविताएँ,
आओ! इनका दर्शन समझें अपने जीवन में अपनाएँ।
अपनों के सपनों का रोना रोते-रोते रात सो गयी,
प्रकृति-पुरुष को पास बुलाती तुम्हें मनाली बात हो गयी।

मन का अन्तर्द्वंद्व न सुलझा ग्रन्थि सवालों की सुलझा ली,
बबली-लौली स्नेह-वर्तिका से मनती हर साल दिवाली।
अपने ही मन से कुछ बोलें जीवन का हर द्वार खुलेगा,
पिया! मनाली मत जइयो अन्धे-युग का धृतराष्ट्र मिलेगा।

देखो! हम बढ़ते ही जाते चरैवेति अपना चिन्तन है,
जंग न होने देंगे यह हम हिन्दू लोगों का दर्शन है।
जो हिंसा से दूर रहे वह सच्चे अर्थों में हिंदू है,
जो इस् ला को मत माने उस मजहब की रग-रग में बू है।

आओ! मर्दो नामर्द बनो व्यंग्योक्ति शक्ति का नारा है,
यह सपना टूट गया तो फिर कलयुग में संघ सहारा है।
तेइस दस आठ और दस मिलकर हैं इक्यावन कविताएँ,
जीवन-दर्शन की द्योतक हैं - मेरी इक्यावन कविताएँ।

"मेरी इक्यावन कविताएँ" हैं अटलबिहारी का जीवन,
सच है मनुष्य के भी ऊपर होता है उसका अपना मन।
तुम अपने मन के राजा हो मन का धन कहीं न खो जाये,
कितने ही ऊँचे उठो मगर अभिमान न रत्ती भर आये।

अपनेपन की सौगन्ध आपको 'क्रान्त' दे रहा बार-बार,
श्रद्धेय अटलजी! जीवन भर बस यूँ ही रहना निर्विकार।
 

Saturday, November 30, 2013

Narendra Modi V/S A.B.Vajpayee


नरेन्द्र मोदी बनाम अटल बिहारी वाजपेयी

भारतवर्ष पर अंग्रेजों का साम्राज्य कई शताब्दियों तक रहा. यहाँ की जनता पर जो अमानुषिक अत्याचार अंग्रेज सरकार ने किये उनसे इतिहास भरा पड़ा है. सबसे पहले सन १७६४ में बंगाल सेना के अन्दर विद्रोह हुआ जिसमें हिन्दुस्तानी सैनिकों ने फौज़ी नियमों को मानने से मना कर दिया और हड़ताल कर दी. मेजर मनरो को इस विद्रोह को दबाने के लिये विलायत से हिन्दुस्तान भेजा गया. उसने सैनिक कार्रवाई करके इस विद्रोह को दबाया. कैप्टन क्रम द्वारा लिखित 'ब्रिटिश आर्मी' पुस्तक में इसका उल्लेख मिलता है.

इसके पश्चात बंगाल आर्मी की १५ वीं बटालियन में ३ दिसम्बर १७९५ को विद्रोह भड़का जिसके अगुआ थे रघुनाथसिंह उमराव गिरि और यूसुफ़ खाँ. दोनों का कोर्ट मार्शल हुआ और सजा के तौर पर उन दोनों को तोप के मुँह से बाँधकर उड़ा दिया गया. इस घटना का उल्लेख कलकत्ता गज़ट के दूसरे खण्ड में मिलता है. इसी प्रकार १८०६ में 'मद्रास आर्मी' द्वारा बग़ावत की गयी जिसे 'बिल्लौर दुर्ग का विद्रोह' के नाम से इतिहास में लिखा गया. इसके परिणामस्वरूप ब्रिटिश शासकों ने लार्ड बिलियम बैंटिक को पद से बर्खास्त कर दिया.

२१ सितम्बर १८५५ को हैदराबाद के निज़ाम की घुड़सवार सेना (थर्ड कैविलरी) ने विद्रोह किया, ब्रिगेडियर मकेंजी का घर लूट लिया और उसे बुरी तरह मार-मारकर घायल कर दिया. १८५७ में चर्बी चढ़े कारतूसों को लेने से मना करते हुए बैरकपुर छावनी में मंगल पाण्डेय नामक एक हिन्दुस्तानी सिपाही ने राइफल उठा ली और गिरफ़्तारी का आदेश देने वाले मेजर ह्यूसन को गोली से उड़ा दिया. इसके बाद पूरे देश में क्रान्ति लपटें उठीं जिन्हें हम 'सन १८५७ के प्रथम स्वातन्त्र्य समर' के नाम से जानते हैं.

१८६० में केशवचन्द्र सेन ने धार्मिक पुनरुत्थान से जनता में जागृति पैदा की तो १८७५ में स्वामी दयानन्द सरस्वती ने आर्य समाज की स्थापना की. यह वही दयानन्द थे जिन्होंने हरिद्वार के कुम्भ-मेले में महारानी लक्ष्मीबाई, बाबू कुँवरसिंह, नानासाहब व अजीमुल्ला खाँ आदि को स्वतन्त्रता संग्राम में आर्थिक सहायता और आशीर्वाद दिया था.

अंग्रेजों ने जब देखा कि हिन्दुस्तान में क्रान्ति के प्रेशरकुकर की भाप कुछ ज्यादा ही बनने लगी है और इसके परिणामस्वरूप कभी भी बड़ा भयंकर विस्फोट हो सकता है तो उन्होंने सन १८८५ में एलेन आक्टोवियन ह्यूम के माध्यम से जो एक रिटायर्ड आईसीएस अधिकारी था अर्जीदिह्न्द (प्रार्थनापत्र देने वाली) संस्था के रूप में काँग्रेस पार्टी का गठन किया. काँग्रेस पार्टी का मुख्य उद्देश्य था पूरे हिन्दुस्तान में क्रान्ति की ज्वाला को ठण्डा रखना और ब्रिटिश सरकार के लिये एक प्रकार से 'सेफ्टी वाल्व' का काम करना.

उन्नीसवीं सदी के अन्तिम चरण में स्वामी विवेकानन्द ने अमेरिका के शिकागो शहर में 'हिन्दू धर्म' की श्रेष्ठता को दुनिया के सामने खुली चुनौती की तरह पेश करके तहलका मचा दिया था. ब्रिटिश उपनिवेशवाद में 'हिन्दुत्व' की एक नई लहर हिलोरें मारने लगी.

बीसवीं शताब्दी की शुरुआत में श्यामजी कृष्ण वर्मा ने लन्दन में 'इन्डियन होम रूल सोसाइटी' की स्थापना की. बाद में विनायक दामोदर सावरकर ने इन्हीं वर्माजी के साथ मिलकर इंग्लैण्ड में 'भारत भवन' खड़ा किया और 'ऐ शहीदो!' तथा 'घोर चेतावनी' शीर्षक से दो पर्चे छपवाकर सार्वजनिक रूप से बाँटने का दुस्साहस किया. उधर यह हो रहा था इधर हिन्दुस्तान में जगह-जगह 'अनुशीलन समितियाँ' गठित हो गयीं थीं. 'युगान्तर', 'संध्या', 'वन्दे मातरम' और 'न्यू इण्डिया' जैसे अखबार ब्रिटिश शासन के खिलाफ़ आग उगल रहे थे.

इतना ही नहीं, काँग्रेस में भी राष्ट्रवादी देशभक्तों ने घुसपैठ करके बड़े-बड़े पदों पर अपना कब्जा कर लिया था. लोकमान्य बालगंगाधर तिलक ने 'केसरी' अखबार निकाला और वे काँग्रेस में इन क्रांतिकारियों के अगुआ बने.
उधर दक्षिणी अफ्रीका से मोहनदास करमचन्द गान्धी जैसे सूटेड बूटेड वकील को एक कूटनीतिक साजिश के
तहत 'महात्मा' के वेष में भेजकर दूसरे 'सेफ्टी वाल्व' की व्यवस्था करने में जरा भी देर नहीं लगायी. गान्धी ने आते ही काँग्रेस के लिये जोर-शोर से प्रचार करने का काम 'यंग इण्डिया' अखबार के माध्यम से शुरू किया.

दुर्भाग्य से तिलक चल बसे और काँग्रेस में गान्धीजी का वर्चस्व स्थापित हो गया. १९२०-२१ में इन्हीं गान्धीजी ने असहयोग आन्दोलन की शुरुआत की और जनता को 'सिविल नाफरमानी' का हुक्म दिया. इस हुक्म की तामील बड़ी भयंकर हुई और पुलिस गोलीकाण्ड में मरे किसानों की प्रतिक्रियास्वरूप क्रुद्ध ग्रामीणों ने चौरीचौरा का पूरा थाना ही फूँक दिया. गान्धी ने घबराहट में असहयोग आन्दोलन वापस ले लिया.इससे पूरे देश के आम नवजवानों में आक्रोश का सैलाव उमड़ पड़ा.

जो अमीर लोग थे उन्होंने मोतीलाल नेहरू के नेतृत्व में अपनी अलग स्वराज पार्टी बना ली और पैसे के दम पर
चुनाव में कुछ सीटें भी जीत लीं परन्तु आम आदमी ने अपने को इन स्वयंभू नेताओं से ठगा हुआ महसूस किया.उन्होंने शाहजहाँपुर जाकर रामप्रसाद 'बिस्मिल' से बात की और उनसे नेतृत्व सम्हालने का आग्रह किया. बिस्मिल ने बंगाल के कुछ क्रान्तिकारियों के सहयोग से हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसियेशन के नाम से वाकायदा एक क्रान्तिकारी पार्टी बनायी और १ जनवरी १९२५ को ४ पेज का घोषणा-पत्र अंग्रेजी में छपवाकर रातोंरात समूचे हिन्दुस्तान के ५६ जिलों में मुख्य-मुख्य स्थानों पर भिजवा दिया.

सरकार इससे चौकन्नी हो गयी. उधर उसने बंगाल में खोजबीन शुरू की इधर बिस्मिल ने लखनऊ से बीस मील दूर काकोरी स्टेशन पर ट्रेन रोककर सरकारी खजाना लूट लिया. सरकार ने इस चुनौती को गम्भीरता से लिया और ख़ुफ़िया पुलिस का जाल बिछाकर चालीस क्रान्तिकारियों को गिरफ़्तार कर फटाफट मुकदमा चलाया और बिस्मिल सहित चार को फाँसी दे दी और उससे चार गुने यानी सोलह को चार साल से लेकर चौदह साल के आजीवन कारावास की सजा भुगतने जेलों में ठूँस दिया. इसके बाद क्रान्ति की जो सुनामी आयी उसने बीस साल के भीतर ही इस देश को स्वतन्त्रता दिला दी.

परन्तु व्यवस्था जस की तस रही. वही ३४७३५ अंग्रेजी कानून आज तक चले आ रहे हैं. एक उम्मीद १९७७ में बँधी जब जनता पार्टी सत्ता में आयी थी. परन्तु उसमें भी कई दलों का कुनबा था. सरकार ढाई साल चलकर ढह गयी. फिर दूसरा समय तब आया जब अटलबिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी उसने कई दलों की मिलीजुली सरकार चलाई परन्तु मजा नहीं आया. हालांकि अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमन्त्री थे और एपीजे अब्दुल कलाम राष्ट्रपति. दोनों ही कुँवारे और दोनों ही बेदाग़ व बेजोड़. परन्तु माननीय रज्जू भैया की इच्छानुसार वाजपेयी जी भी कार्य नहीं कर सके.

रज्जू भैया ने एक इंटरव्यू के दौरान मुझे बताया था कि नई दिल्ली के इण्डिया गेट पर ठीक वैसा ही स्मारक बनना चाहिये जैसा तुर्की में कमाल पाशा ने बनवाया था. अब भाजपा नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अगली लोक सभा का चुनाव लड़ेगी जिसमें मोदी की सम्भावना तो बहुत है. पर क्या नरेन्द्र मोदी माननीय रज्जू भैया की उस इच्छा को पूरा कर पायेंगे?.....


मित्रो यह चित्र उस राष्ट्रीय स्मारक का है जिसे कमाल पाशा ने सन १९२८ में तुर्की में बनवाया था इसे मैंने विकिकामंस के सौजन्य से यहाँ दिया है. उसका लिंक है:
http://commons.wikimedia.org/wiki/File:Cumhuriyet_Aniti.JPG




Wednesday, November 6, 2013

Sardar Patel highlighted by Narendra Modi

नेहरू बनाम पटेल?

मोदी ने यह सच कहा, नेहरू नहीं पटेल!
यदि पीएम बनते यहाँ, कभी न होते खेल!!
कभी न होते खेल, जेल क्यों सज्जन जाते?
दुर्जन लोग न यहाँ, रोज बिरयानी खाते!!
कहें 'क्रान्त' लुटिया अपनी, जिस तरह दुबो दी!
वह न डूबती कभी, सत्य कहते हैं मोदी!!

Follow me on twitter https://twitter.com/DrKrantMLVerma

Wednesday, October 23, 2013

Krant M.L.Verma twitts

Friends for the last one & a half month I have been twitting on twitter. Few excerpts are posted here.

English DOHA (दोहा)

One Bapu Gandhi became, other the Asaram:
Seeing their evildom, people say He Ram!

One experimented the truth, slept nude with girls;
Other raped his disciple, deed of devils.

It is in Hindi also

यक बापू गान्धी हुए, दूजे आसाराम;
कैसी करतूतें करीं, दोनों ने - हे राम!

नंगे सोकर एक ने, सच से किये प्रयोग;
दूजे ने जमकर किया, शिष्या से सम्भोग!

My question to all of you

Whether he be M.K.Gandhi or Asa Ram both were called by their supporters as Bapu.
But what did they do in their old age? Was it appraisable?

We don't require such type of saints who are a blot on the sacred sheet of Hindu dharma.
It doesn't allow such type of bloody rogues.

मुख-मैथुन जैसा घृणित, काम करे यदि सन्त;
फौरन गोली मारकर, उसका कर दो अन्त!

आसूमल तक ठीक था, पहले उसका नाम;
राम लगाकर क्यों किए, उसने उल्टे काम?

For the rest of my twitts kindly follow
https://twitter.com/DrKrantMLVerma

Sunday, October 6, 2013

Narendra Modi v/s Rahul Gandhi


नरेन्द्र मोदी वनाम राहुल गान्धी 

चुनाव आयोग ने विधान सभा चुनावों का ऐलान कर दिया है. इस पर दिल्ली की मुख्यमन्त्री श्रीमती शीला दीक्षित का बयान आया - "हम चुनाव जंग की तरह लड़ेंगे!" आम आदमी पार्टी के अरविन्द केजरीवाल ने कहा - "हम ये धर्मयुद्ध जीतेंगे!" दिल्ली देश का दिल है और जब देश के दिल की धड़कनें युद्ध की बात करने लगें तो बाक़ी अंगों का क्या हाल होगा यह आप और हम अच्छी तरह समझ सकते हैं. यह वही केजरीवाल हैं जिनको राजनीतिक पार्टी न् बनाने की सलाह खुद उनके गुरू अन्ना हजारे दे चुके हैं क्योंकि अन्ना का यह मानना था कि इससे काँग्रेस की घोर विरोधी पार्टी भाजपा के वोट कटेंगे और उससे काँग्रेस को चुनाव जीतने में मदद मिलेगी.

काँग्रेस के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टी भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमन्त्री पद के घोषित उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली आकर जब काँग्रेस मुक्त भारत के नारे के साथ युवाओं का आवाहन किया तो स्वाभाविक था अन्य दलों के सीने पर साँप लोटना. ऐसे में चारो ओर से बयानबाजियों की बाढ़ सी आ गयी. सबने एक ही सुर में अलापना शुरू कर दिया कि और चाहे कोई भी आ जाये पर मोदी को किसी कीमत पर नहीं आने देना चाहे इसके लिये उन्हें कुछ भी करना पड़े. क्योंकि मोदी आ गया तो इनका धन्धा चौपट कर देगा

मुझे याद आता है जब जवाहर लाल नेहरू के निधन के बाद इस देश में नेतृत्व का सवाल खड़ा हुआ तो लाल बहादुर शास्त्री ने केवल इतना कहा था कि वे एक मिट्टी के दीपक की भाँति हैं. उन्हें आजमाकर देखिये शायद कुछ रौशनी आपको मिल सके! और पूरी काँग्रेस पार्टी ने उन पर विश्वास किया. वे प्रधान मन्त्री बने और अठारह महीने के छोटे से शासन काल में राजनीति के क्षेत्र में जो मापदण्ड उन्होंने स्थापित किये उन्हें आज तक कोई छू भी न सका. क्या कभी किसी ने सोचा कि इसका कारण क्या था?

शास्त्रीजी एक बहुत ही गरीब घर में पैदा हुए थे. उन्होंने गरीबी देखी थी. काँग्रेस में एक सामान्य कार्यकर्ता से लेकर गृह मन्त्रालय तक में उन्होंने काम किया था. अत: जब वे प्रधान मन्त्री बने तो उन्होंने सारे कैबिनेट सचिवों की मीटिंग बुलाकर सिर्फ़ इतना कहा था अभी तक आप जो कुछ करते रहे वह सब मेरी जानकारी में हैं परन्तु मैं खामोश इसलिये रहा क्योंकि शासन की लगाम एक बहुत बड़े शासक के हाथ में थी. बहरहाल अब मैं इस देश का प्रधानमन्त्री  हूँ अत: आज से जो भी सही गलत आप लोग करेंगे उसकी जिम्मेदारी मेरी होगी और मैं किस टाइप का इन्सान हूँ यह आप भली-भाँति जानते हैं. इसलिये आपसे मेरी बस इतनी गुजारिश है कि आप ऐसा कुछ नहीं करेंगे जिससे मेरे व आपके साथ मेरे देश की ईमानदारी पर कोई बट्टा लगे. आप सब लोग काफी समझदार हैं अत: मेरा इशारा आप समझ ही गये होंगे. अब आप लोग अपने विभाग में जा सकते हैं.

नरेन्द्र मोदी जब दिल्ली में रोहिणी के मैदान से बोल रहे थे मैंने उनका पूरा भाषण बड़े ध्यान से सुना. उन्होंने जब यह कहा कि वह प्लेटफार्म पर चाय बेचने से लेकर भाजपा के साधारण कार्यकर्ता, केन्द्रीय पदाधिकारी और पिछले दस वर्षों से लगातार एक प्रान्त के मुख्यमन्त्री तक का सफ़र तय कर चुके हैं. उन पर आप विश्वास कर सकते हैं. और अपनी ओर से उन्होंने यह विश्वास भी के मीडिया के माध्यम से पूरे देश को दिलाया कि वे उस विश्वास की रक्षा में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे. सच मानिये मुझे लगा कि ६३ साल की आयु में भी ३६ साल के नौजवान जैसी हिम्मत व कुव्वत रखने वाले गरीब घर के एक साधारण से दिखने वाले इस व्यक्ति पर भरोसा किया जा सकता है और किया जाना भी चाहिये. शायद इस देश की वर्तमान व्यवस्था में कुछ बदलाव आ सके.

काँग्रेस में कई ईमानदार लोग हैं मगर वहाँ जो व्यवस्था है उसमें गान्धी-नेहरू परिवार से इतर सोचने या बोलने की किसी में हिम्मत ही नहीं है. इन्दिरा जी की मौत के बाद पायलट से प्रधानमन्त्री बने राजीव गान्धी की अदूरदर्शिता की कीमत राजीव भाई को अपनी जान  देकर चुकानी पड़ी. अन्यथा अपनी घरेलू समस्यायें छोड़कर श्रीलंका के लिट्टे जैसे खूँख्वार संगठन से पंगा लेने की क्या जरूरत थी. अब रह गयी उनके शहजादे राहुल गान्धी की राजनीतिक परिपक्वता की बात तो उन्हें किसी भी मन्त्रालय के कामकाज का रत्ती भर भी अनुभव नहीं है. उनके हाथ में शासन की बागडोर सौंपना उतना ही खतरनाक होगा जितना किसी बन्दर के हाथ में माचिस की तीली पकड़ा देना. फ़िलहाल यहाँ दो उदाहरण देना  ही पर्याप्त रहेगा.

एक रैली में उन्होंने अपनी ही पार्टी-प्रत्याशियों की सूची फाड़ दी थी. दूसरी घटना अभी हाल की है जब उन्होंने अपनी ही सरकार और मन्त्रिमण्डल के निर्णय को "नॉनसेन्स" तक कह डाला और अब यह सफाई देते घूम रहे हैं कि उनके शब्द गलत थे मगर भावना सही थी. क्या इस तरह के बचकाने बयानों से यह देश चलने वाला है?

दूसरी बात बयानबाजी को लेकर और सामने आयी है जिसे मीडिया ने निरर्थक बहस करके बतंगड़ बना दिया. वह बात थी गान्धी-शास्त्री जयन्ती पर देवालय से पहले शौचालय को तरजीह देने की जिसे प्रवीण तोगड़िया के बयान का सहारा लेते हुए विपरीत दिशा में मोड़ने का प्रयास यह कहकर किया गया कि मोदी को यह अक्ल उस समय क्यों नहीं आयी जब राम-मन्दिर आन्दोलनकारियों ने अयोध्या में तथाकथित बावरी मस्जिद के ढाँचे को ध्वस्त कर दिया था. ऐसा तर्क देने वाले यह भूल गये कि १९९२ में जब अयोध्या-काण्ड हुआ था उस समय जनान्दोलन की बागडोर लालकृष्ण आडवाणी के हाथ में थी नरेन्द्र मोदी के हाथ में नहीं.

एक ओर तो ये सेकुलरिस्ट यह कहते नहीं थकते कि मोदी ने अपने गुरू लालकृष्ण आडवाणी को ताक पर उठाकर रख दिया है और दूसरी ओर उसी गुरू द्रोण का एकलव्यनुमा शिष्य जब देवालय और शौचालय में अपनी वरीयता बतलाने की कोशिश करता है तो इनका पैमाना ही बदल जाता है. बाकयी बड़ा तरस आता है इनकी शुतुरमुर्गी बुद्धि पर. इससे भयंकर राजनीतिक प्रदूषण भला और कुछ हो सकता है क्या?

Photo of Modi & Rahul http://commons.wikimedia.org/wiki/File:RahulModi.jpg के सौजन्य से   

Thursday, September 26, 2013

Curfew chorus

कर्फ्यू-गीत

बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

चौराहे पर सांड़ लड़ पड़े लोग डरे सो भागे,
भगदड़ में अफवाह उड़ गयी -"गोली चल गयी आगे"
चलती -फिरती सड़क हो गयी मिनटों में सुनसान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

मुल्ला ने दी  बाँग पुजारी बोला -"बम बम भोले"
दूर कहीं पर दगा पटाखा फिर निकले हथगोले;
नुक्कड़ वाली गली हो गयी पल में लहू -लुहान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

आती दिखी जीप सब समझे 'पुलिस' घरों को भागे,
पता चला वो वही लोग थे दंगा कर गये आगे;
सब -इंस्पेक्टर कोतवाल एस.पी. डी.एम. हैरान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

इतने में ऐलान हो गया -"कर्फ्यू लगा दिया है"
खुश -फुश घर -घर हुई -"पुलिस ने अच्छा नहीं किया है"
बड़े मियाँ छोटे से बोले -"अमाँ किधर है ध्यान?"
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

रात-रात भर जाग हुई सबने की चौकीदारी,
इतनी कहाँ पुलिस जो कर पाये सबकी रखवारी;
हल्ला हुआ पुलिस पहुँची देखा कट गयी दुकान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

पूरी रात जागकर बीती सुबह पढ़ा अखबार,
खबर छप गयी "महानगर में दंगा हुआ अपार"
हमें मोहल्ले की मालुम ये बकते बेईमान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

धीरे -धीरे अफवाहों ने पकड़ा ऐसा जोर,
घर -घर में कातिल बन बैठे गली -गली में चोर;
आग लगाकर हाथ सकते सचमुच ये हैवान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

कौन यहाँ कातिल है इनमें पकड़ सको तो जाने,
हैं नकाब ओढ़े चेहरे सब किसे -किसे पहचाने;
बैठ गया आयोग बिक गया सस्ते में ईमान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

घर में नहीं मुठी भर चावल चुटकी भर भी आटा,
बाहर कैसे निकलें छाया सड़कों पर सन्नाटा;
चोकर की लपसी को भूखा पेट लगे शमशान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

मेहनत की बिटिया घर बैठी बिना चबेना खाये,
कंचन-काया माटी हो गयी हफ्तों बिना नहाये;
भरे कनागत बाह्मन भूखे खोज रहे जिजमान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

गली -गली पड़ गयी हथकड़ी सड़क -सड़क के बेड़ी,
द्वारे-द्वारे तौंक पड़ गया हुई समस्या टेढ़ी;
घर से कैसे बाहर निकलें घूम रहे शैतान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

मस्जिद-मस्जिद खुली कचहरी मन्दिर-मन्दिर थाने,
जो नमाज-पूजा को आया पहुँचा पागलखाने;
मुल्ला और पुजारी सबके छूट गये औसान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

अल्लाह सिसके मस्जिद में ईश्वर मन्दिर में रोता,
करने वाला बड़े चैन से खर्राटे ले सोता;
कौन यहाँ जो जाकर पकड़े उस कातिल के कान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

महानगर में सन्नाटा है लोग गये हैं भाग,
बस्ती-बस्ती सुलग उठी है अब दंगों की आग;
हर गरीब की जोरू कहती -"क्या होगा भगवान?"
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

बिलख रहा है बिना दूध के ललुआ पड़ा अटाट,
बूढ़ा बापू पकड़ चुका है बीमारी में खाट;
रामभरोसे हुआ लापता राम-भरोसे जान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

अभी बेचने को आयी थी कोई सब्जी वाली,
दिखे सड़क पर बूट खटकते भगी छोड़कर डाली;
बीच सड़क पर छोड़ भग गया बनिया खुली दुकान!
बचेगा कैसे हिन्दुस्तान?

दूध पिलाया जिन्हें वही अब बाँहों में घुस बैठे,
जिसने झाड़ी बाँह उसी को सीने में डस बैठे;
आस्तीन में खुद पाले, अब इनका करो निदान!
बचाओ अपना हिन्दुस्तान!!
  

Wednesday, August 28, 2013

Krishna - an evergreen Icon

विराट की सभा को सम्बोधित करते 

युग-पुरुष कृष्ण

(खोजपूर्ण लेख)


आज से ५२३८ वर्ष पूर्व भारतीय पंचांग के अनुसार द्वापरयुग के अन्तिम चरण में भाद्रपद मास के कृष्णपक्ष की अष्टमी बुधवार को अर्धरात्रि में रोहिणी नक्षत्र के अन्तर्गत वृष लग्न में कृष्ण का जन्म मथुरा में कंस की जेल में  हुआ था. तेजस्वी बालकृष्ण ने अपने जन्म के छठे दिन ही कंस द्वारा भेजी गयी राक्षसी पूतना के पयोधर (स्तनों) को अपने नुकीले दाँतों से काटकर उसका वध करके पूत के पाँव पालने में होने वाली कहावत को चरितार्थ कर दिखाया था.अर्थात जन्म के साथ ही वह चर्चा का विषय बन चुके थे.

मात्र ११ वर्ष की अल्पायु में उन्होंने सकटासुर व बकासुर सरीखे भयानक राक्षसों तथा कालियानाग जैसे भयंकर सर्पासुर को काल के गाल में पहुँचा कर अपने मामा कंस की नींद हराम कर दी थी.१४ वर्ष की आयु में गोवर्धन का मन्त्र समाज को देकर अहंकारी इन्द्र का मान मर्दन किया और १८ वर्ष के होते ही अपने से कई गुना बलशाली मथुरा-नरेश कंस को खुले अखाड़े में युद्ध करने के लिये ललकारा और फ्रीस्टाइल कुश्ती में उससे तब तक युद्ध किया जब तक उसके प्राण-पखेरू उड़ नहीं गये. कंस के अखाड़े में उतरने से पहले उसके अंगरक्षक जरासंध ने जब कृष्ण को चुनौती दी तो उन्होंने उसे भी यमलोक पहुँचा दिया था. ऐसे पराक्रमी थे कृष्ण!

कंस-बध के पश्चात कृष्ण ने सबसे पहले अपने माता-पिता देवकी और वसुदेव को मथुरा के कारागार से मुक्त किया और अपने नाना उग्रसेन को मथुरा के राजसिंहासन पर बैठाया. कृष्ण अगर चाहते तो स्वयं भी राज्य हथिया सकते थे किन्तु उन्होंने ऐसा नहीं किया. इससे उनकी प्रतिष्ठा जनता जनार्दन में और ज्यादा बढ़ गयी क्योंकि त्याग की समाज ने सदैव पूजा की है. राम ने भी यही किया था जब बालि को मारकर सुग्रीव और रावण को मारकर विभीषण को राज्य सौंप दिया था. उसी भारतीय परम्परा का कृष्ण ने भी अनुसरण किया.

आज से ५२१३ वर्ष पूर्व पच्चीस वर्ष की आयु में कृष्ण का विवाह विदर्भ-नरेश भीष्मक की पुत्री रुक्मणी से हुआ. रुक्मणी अत्यन्त रूपवती थी. उसके पिता उसका विवाह चेदिदेश (वर्तमान बुन्देलखण्ड) के राजा दमघोष के पुत्र शिशुपाल से करना चाहते थे जो कृष्ण का सगा फुफेरा भाई था. परन्तु रुक्मिणी दिल से कृष्ण को चाहती थी. उसने कृष्ण को संदेश भेजकर जब यह बात बतायी तो कृष्ण ने विदर्भ पहुँचकर रुक्मिणी के भाई रुक्म से युद्ध किया और उसे पराजित कर उसकी बहन से गन्दर्भ-विवाह रचा लिया. जब यह बात शिशुपाल को पता चली तो वह कृष्ण का शत्रु हो गया.पूरे ४३ वर्ष तक चली इस शत्रुता का अन्त तब हुआ जब एक सभा में एक सौ एक गाली देने पर कृष्ण ने अपने चक्र से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया. उस समय कृष्ण ६८ वर्ष के थे.

कृष्ण की सगी बुआ पृथा को उनके नाना शूरसेन ने मालवा के राजा कुन्तिभोज को गोद दे दिया था क्योंकि उसके कोई सन्तान न थी. राजा कुन्तिभोज ने पृथा का नाम बदल कर कुन्ती रख दिया था. कुन्ती ने एक बार सूर्य देवता का त्राटक किया इससे वह गर्भवती हो गयी और उसके एक पुत्र उत्पन्न हुआ जिसे उसने लोकलाज के भय से नदी में बहा दिया. बड़ा होकर यही कर्ण हुआ. कुन्ती का विवाह पाण्डु से कर दिया गया जिनसे उसके पाँच पुत्र हुए जो पाण्डव कहलाये. ये सभी कृष्ण के फुफेरे भाई थे.

कृष्ण के रुक्मिणी से विवाह के पश्चात दो बच्चे हुए-एक पुत्र व एक पुत्री. पुत्र का नाम प्रद्युम्न था और पुत्री का चारुलता. प्रदुम्न का विवाह कामदेव की चिरयुवा पत्नी रति से करके कृष्ण ने शंकर जी के वचन की रक्षा की. चारुलता का विवाह उन्होंने राजा कृतवर्मा के पुत्र बली से किया.

दुर्योधन के षड्यन्त्र से लाक्षागृह में जलने से बाल-बाल बचे पाण्डव जब पांचाल (वर्तमान पंजाब) के राजा द्रुपद की पुत्री के स्वयम्वर में गये तो वहाँ अर्जुन ने धनुर्विद्या का अद्भुत परिचय दिया और द्रोपदी को ब्याह कर घर ले आये. द्रोपदी के स्वयम्बर में कृष्ण भी वहाँ उपस्थित थे. उस समय कृष्ण की आयु ४३ वर्ष और अर्जुन की २५ वर्ष की थी. कृष्ण को सहसा विश्वास न हुआ कि साधुओं के वेष में पाँचो तेजस्वी कौन हैं तो वे उनका पीछा करते हुए उनके घर जा पहुँचे. कुन्ती तब तक अपने पाँचो बेटों के पराक्रम से मुग्ध थीं और उन्होंने स्वयम्वर में जीती हुई वस्तु का बँटवारा पाँचो भाइयों में कर दिया. जब कृष्ण को वहाँ पहुँचकर यह पता चला कि ये पाँचो साधुवेश धारी पाण्डव उनके सगे फुफेरे भाई हैं तो उन्होंने उनसे भाई के स्थान पर मित्रवत् व्यवहार करना उचित समझा और अन्त तक उस मित्रता को निभाया भी. यूँ तो कृष्ण की मित्रता सभी पाँचो भाइयों से थी किन्तु अर्जुन से उन्हें कुछ विशेष ही लगाव था.

महाभारत का युद्ध जब लड़ा गया तो कृष्ण की आयु ८४ वर्ष और अर्जुन की ६६ वर्ष थी. जिस तरह उन्होंने गीता का उपदेश देकर अर्जुन को युद्ध क्षेत्र में डटे रहने के लिये तैयार किया वह अपने आप में एक मिसाल है.

कृष्ण के मार्गदर्शन में महाभारत का युद्ध १८ दिनों में ही समाप्त हो गया किन्तु उसके बाद की विभीषिका देखकर कृष्ण अत्यधिक विचलित हुए. एक संस्कृति का लोप होते हुए उन्होंने अपनी आँखों से देखा था. जो वे नहीं चाहते थे वह सब उनके सामने घटित हुआ था परन्तु इसके अतिरिक्त उनके पास कोई और चारा भी न था.भाई-भाई एक दूसरे के खून से नहा चुके थे और धर्म-अधर्म की लड़ाई कृष्ण के कुशल मार्गदर्शन में लड़ी गयी और जिधर कृष्ण थे उस पक्ष की विजय भी हुई.

धर्मग्रन्थों के अनुसार युग पुरुष योगेश्वर कृष्ण ने पृथ्वी पर पूरे १२५ वर्ष तक जीवन की लीला की और आज से ठीक ५११३ वर्ष पूर्व इस धरती से चले गये. कहते हैं उनके जाते ही कलयुग का प्रारम्भ हो गया. यह ईस्वी सन २०१३ चल रहा है. अर्थात कलयुग का आरम्भ इससे भी ३१०० वर्ष पूर्व हो चुका था.

टिप्पणी: ऊपर जो चित्र दिख रहा  है वह विकिमीडिया कॉमन्स की इस साईट से लिया गया है - http://commons.wikimedia.org/wiki/File:Speech_of_Krishna_in_Virata%27s_court.jpg 

O Krishna ! who calls you?

धूप के आइने से...

गीता के कर्मयोगी को कौन पूछता है?

 सैलाब के स्वरों में, सब शहर बाँटते हैं !
अश्लील छप्परों में, दोपहर काटते हैं !!

उपलब्धियों की लाशें उघड़ी पड़ी हुई हैं,
उनको लहू के प्यासे ये श्वान चाटते हैं!

स्वर भीड़ से छिटक कर जो बढ़ रहा है आगे,
उसको ये लोग मिट्टी भर-भर के पाटते हैं!

सपने इधर-उधर कुछ बिखरे पड़े हुए हैं,
जमुहाइयों में रुककर हम उनको छाँटते हैं!

साहित्य की विला में कैसे घुसें नवागत,
गुटबाज अर्दली हैं वेभाव डाँटते हैं!

गीता के कर्मयोगी को कौन पूछता है?
कान्हा बने हुए हैं, राधा को गाँठते हैं!!

टिप्पणी: मित्रो! यह गज़ल मेरी बहुत पुरानी कृति धूप के आइने में सन १९८० में छपी थी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी कि तब थी जब यह लिखी गयी थी! उपरोक्त कृति के १०वें पृष्ठ से लेकर यहाँ पोस्ट की है श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर! * क्रान्त

 

Wednesday, August 14, 2013

Ram Prasad Bismil's voice of his Soul

सदा-ए-नफ़स
 
पं० रामप्रसाद 'बिस्मिल' की यह गज़ल 'स्वराज की कुंजी' नामक पुस्तक में संकलित की गयी थी जिसके कारण उक्त पुस्तक ब्रिटिश सरकार द्वारा ३१ मार्च १९३१ को जब्त कर ली गयी. मैंने इसे राष्ट्रीय अभिलेखागार नई दिल्ली से प्राप्त कर अपनी शोध ग्रन्थावली 'सरफ़रोशी की तमन्ना' के दूसरे भाग में पृष्ठ सं० १६० पर दिया था. वहीं से इस गज़ल को पाठकों की सेवा में प्रस्तुत किया जा रहा है.
 
दुश्मन के आगे सर ये झुकाया न जायेगा.
वारे-अलम अब और उठाया न जायेगा.
 
अब इससे ज्यादा और सितम क्या करेंगे वो,
अब इससे ज्यादा उनसे सताया न जायेगा.
 
जुल्मो-सितम से तंग न आयेंगे हम कभी,
हमसे सरे-नियाज झुकाया न जायेगा.
 
हम जिन्दगी से रूठ के बैठे हैं जेल में,
अब जिन्दगी से हमको मनाया न जायेगा.
 
यारो! है अब भी वक्त हमें देखभाल लो,
फिर कुछ पता हमारा लगाया न जायेगा.
 
हमने जो लगायी है आग इन्क़लाब की,
उस आग को किसी से बुझाया न जायेगा.
 
कहते हैं अलविदा अब हम अपने जहान को,
जाकर खुदा के घर से तो आया न जायेगा.
 
अहले-वतन अगरचे हमें भूल जायेंगे,
अहले-वतन को हमसे भुलाया न जायेगा.
 
यह सच है मौत हमको मिटा देगी एक दिन,
लेकिन हमारा नाम मिटाया न जायेगा.
 
आज़ाद हम करा न सके अपने मुल्क को,
'बिस्मिल' ये मुँह खुदा को दिखाया न जायेगा.
 
शब्दार्थ: सदा-ए-नफ़स=आत्मा की आवाज़, वारे-अलम=दुनिया के कष्ट, सरे-नियाज़=बन्दगी में सर